उधमपुर। जिले में रविवार को एक बार फिर से 100 से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दो दिन तक कोरोना के मामलों में थोड़ी कमी देखने को मिली, लेकिन रविवार को कोरोना के 114 नए मामले सामने आए। इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता फिर से बढ़ने लगी है। 70 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं। संक्रमितों के संपर्क में रहने पर लोगों का पता लगा कर सबको आइसोलेट करने के साथ कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं।
जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिले में 100 लोग संक्रमित पाए और शनिवार को तो इनकी संख्या 78 रही। इससे सभी को थोड़ी राहत मिली। लेकिन रविवार को एक बार फिर 114 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें आठ लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों के संपर्क में रहने पर 200 से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट करवाए हैं। इसके साथ लोगों को कई तरह के दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11988 हो गए हैं। इनमें से 143 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 940 हो गई है।
------
किश्तवाड़ में कोरोना के 26 नए मामले मिले
किश्तवाड़। जिले में रविवार को कोरोना के 26 नए मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार इनमें अधिकतर जिला कोर्ट के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। अभी जिले में कुल 155 सक्रिय मामले हैं, जिनमें कई घरों में आइसोलेट तो कुछ जिला अस्पताल में भर्ती हैं। नए मामले आने पर कोर्ट परिसर खोलने पर सोमवार को फैसला लिया जाएगा। संवाद