उधमपुर। गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर ओमाड़ा मोड़ स्थित गुरुद्वारा तेग बहादुर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें शहर व ग्रामीण इलाकों से सिख संगत ने हिस्सा लेकर गुरु की महिमा का गुणगान किया। प्रचारकों ने सभी को गुरु गोबिंद सिंह के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
सुबह के समय गुरुवाणी कीर्तन के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इसके बाद विभिन्न रागी जत्थों ने गुरु की महिमा का गुणगान किया। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सीआरपीएफ व शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी के जवानों व अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। प्रचानकों ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्म गंगा किनारे पटना साहिब में हुआ था। मुगलों ने जब देश में अत्याचार किया तो गुरु गोबिंद सिंह ने इसके खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने लोगों में भी मुगलों से लड़ने के लिए जज्बा भरा। उनकी एक ही आवाज थी कि सब मानव हैं और हमें मानवता के साथ ही प्रेम करना है। कार्यक्रम के अंत में गुरु के लंगर का आयोजन किया गया।