उधमपुर। रामनगर में पड़ते चौकी गांव में महिला द्वारा एक साल पहले राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन उम्मीद से 1 लाख रुपये का लोन लेकर डिस्पोजल बर्तन बनाने का यूनिट लगाया था। जिसके चलते महिला द्वारा एक साल के भीतर लिया गया लोन खत्म कर दिया गया है और मौजूदा समय में वह डिस्पोजल प्लेट, गिलास, व कोटरी बनाकर बाजारों में बेच रही है। इतना ही नहीं महिला द्वारा क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आत्म निर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण दे रही है।
महिला पूजा देवी ने बताया कि एक साल पहले राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन उम्मीद के तहत उसने एक लाख रुपये का लोन लेकर डिस्पोजल यूनिट लगाया। हालांकि उन्होंने यूनिट लगाने से पहले डिस्पोजल बर्तन बनाने का प्रशिक्षण लिया था। जिसके बाद उन्होंने क्षेत्र की अन्य महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए यूनिट लगाया। ताकि अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण दिया जा सके और वह भी अपना रोजगार कमा सके। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन उम्मीद से लिया गया लोन भी खत्म कर दिया है ओर अब वह प्रतिमाह 5 से 7 हजार रुपये कमा कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार की ओर से महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए कई सरकारी योजनाएं चलाई जा रही है तो हमें उनका लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के इस दौर में महिलाएं पुरुष से कम नहीं है। उन्होंने अन्य महिलाओं से भी सरकार द्वारा चलाई जा रही स्कीमों का लाभ लेने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर किसी महिला को कोई भी काम सीखना हो तो राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन उम्मीद के तहत निशुल्क विभिन्न प्रकार के कोर्स में जाकर प्रशिक्षण लेने के बाद अपना यूनिट स्थापित कर सकती है। जिसके लिए मिशन के तहत लोन भी दिया जाता है।