संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जीएमसी अस्पताल परिसर में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए 200 बेड के अस्पताल की नई इमारत का निर्माण किया जा रहा है। हालांकि मौजूदा समय में इमारत का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। लेकिन 50 प्रतिशत से अधिक का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद अस्पताल परिसर में बनाई जाने वाली नई पार्किंग का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। जिसके चलते अस्पताल में आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि अस्पताल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था न होने से लोगों के साथ साथ स्टाफ व डाक्टरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में पार्किंग की व्यवस्था न होने से दिन में कई बार अस्पताल परिसर में जाम की स्थिति बन जाती है। जिसके चलते एंबुलेंस चालक भी इस समस्या से जूझ रहे है। क्योंकि एंबुलेंस चालकों को भी अपने वाहन लगाने की जगह न मिल पाने के कारण उन्हें मजबूरन अपने वाहनों को अस्पताल परिसर से बाहर खड़ा करना पड़ रहा है। हालांकि अस्पताल प्रशासन की माने तो परिसर में बन रही नई अस्पताल की इमारत के साथ ही पार्किंग का भी निर्माण किया जाना है।
परिसर में जगह न होने से वाहन लग रहे है धार रोड
अस्पताल में मरीजों को लेकर आने वाले लोगों को भी अस्पताल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते उन्हें अपने मरीज को अस्पताल में छोड़ कर अपने वाहनों को अस्पताल परिसर से बाहर धार रोड पर लगाना पड़ रहा है। क्योंकि परिसर में जगह की तंगी के चलते पार्किंग की व्यवस्था न होने से लोगों के साथ साथ एंबुलेंस चालकों को भी अपने वाहनों को अस्पताल से बाहर खड़ा करना पड़ रहा है।
वहीं अस्पताल में आने वाले रमण कुमार, शशि कुमार, राजेंद्र कुमार, प्रशोत्तम सिंह, शाम लाल, करनैल सिंह, पवन कुमार सहित अन्य का कहना था कि जिस तरह से अस्पताल परिसर में नई इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है और कुछ ही महीनों में यह इमारत बनकर तैयार हो जाएगी। लेकिन अभी तक पार्किंग का निर्माण नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि जब यह अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा तो उस समय काफी ज्यादा भीड़ हो जाएगी। जिसके चलते लोगों को पार्किंग की व्यवस्था न होने से परेशान होना पड़ेगा जिस तरह से मौजूदा समय मेें लोग हो रहे है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द नई पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।
विभाग की ओर से अस्पताल परिसर में मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने के लिए 14 करोड़ रुपये की डीपीआर बनाकर सचिवालय में भेजी गई है। जैसे ही मंजूरी मिलती है वैसे ही पार्किंग बनाने का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
महेश विशाल एई, लोक निर्माण विभाग।
रिपोर्ट, परवेज खान
फोटो सहित