भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव प्रचार के लिए जम्मू संभाग के रामनगर की तरफ जा रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना के साथ कुछ युवकों ने कूहनाला इलाके में धक्का-मुक्की की। मौके पर मौजूद पूर्व विधायक आरएस पठानिया और सुरक्षाबलों ने बीच बचाव किया। वहीं, पुलिस चौकी रौन दोमेल की टीम ने मौके पर पहुंच कर आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपी युवक पैंथर्स पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। बाद में युवकों को छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुुसार रविंद्र रैना पूर्व विधायक आरएस पठानिया के साथ रामनगर के चनूनता में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे। कूहनाला इलाके में चाय पीने के लिए रुके। इसी बीच वहां पहुंचे युवकों ने रविंद्र रैना और आरएस पठानिया से यहां आने के बारे में पूछा और जाने को कहने लगे। कुछ समय के बाद कहासुनी शुरू हो गई और युवकों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
पूर्व विधायक और रविंद्र रैना के साथ तैनात सुरक्षाबलों ने किसी तरह से स्थिति को संभाला। इस दौरान युवक पैंथर्स पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। रौन दोमेल पुलिस पोस्ट से पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शरारती युवकों को हिरासत में ले लिया। मामला शांत होने के बाद रविंद्र रैना टीम सहित रामनगर की तरफ रवाना हो गए।