रियासी। स्थानीय सनातन धर्म सभा के कार्यालय में रविवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें विधायक कुलदीप राज दुबे ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें सड़क और स्वास्थ्य की समस्याएं उठाई जाएंगी।
नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी ने जम्मू के नगरोटा जगती से वाया डेरा बाबा से रियासी तक सड़क बनाने, बारादरी से अस्पताल तक सड़क मार्ग, नगर में स्थित फॉरेस्ट ऑफिस और वेटरनरी अस्पताल को बाहर शिफ्ट कर पार्किंग बनाए जाने की मांग की। उन्होंने बस अड्डे से महादेव तक जाने वाले नाले पर स्लैब डालने की मांग की। उन्होंने एमसीएच खोलने, तहसील को मिनी सचिवालय में शिफ्ट करने को कहा। रमेश मेंगी ने मेन बाजार में एटीएम खोलने और रियासी रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत का स्टॉप बनाने की मांग की। सुमित गंडोत्रा ने रियासी के पर्यटन स्थानों को विकसित करने, वहां पर आने वाले लोगों के लिए रहने के लिए उचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने सुला से भीमगढ़ किला और कालिका माता मंदिर तक गडोला लगाने की भी मांग की। उन्हाेंने यूथ के लिए एक अलग से स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने को कहा। पूर्व पार्षद अमित शर्मा ने वेटरनरी और तहसील ऑफिस को शिफ्ट करने के साथ ही टैक्सी और टेंपो स्टैंड के लिए जगह देने को कहा। स्टैंड टूरिज्म की जगह पर है। यह कभी भी खाली हो सकता है। रेहड़ी फड़ी वालों की पहचान हो। उन्होंने पुरानी पाइप लाइन को बदलने को कहा। नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन योग राज रैना ने बाहरी लोगों पर नजर रखने की मांग की। इसके साथ ही कोर्ट के सामने से सीधा रास्ता मुख्य बाजार तक लाने को कहा। राहुल जमवाल ने वार्ड 13 में स्कूल के बंद पड़े कार्य को शुरू करने की मांग की। सौरव ने श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी में जिले के विद्यार्थियों के लिए अलग से कोटा और रिजर्वेशन शुरू करने को कहा। विधायक कुलदीप राज दुबे ने कहा कि लोगों को साथ लेकर विकास कार्य होंगे। पर्यटन स्थलों को विकसित कर विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। आने वाले कुछ दिनों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुलाकात कर कार्यों पर चर्चा की जाएगी। हर महीने लोगों के साथ बैठक भी होगी।