रियासी। पुलिस विभाग की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत माड़ी स्थित इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन और माइग्रेंट कॉलोनी तलवाड़ा में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन खेल प्रतियोगिताओं में स्थानीय खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
तलवाड़ा में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ एडिशनल एसपी इफ्तिखार अहमद ने किया। माड़ी में बैडमिंटन प्रतियोगिता की शुरुआत डीएसपी हेड क्वार्टर विशाल सिंह जमवाल ने करवाई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेल भावना को बनाए रखते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। पुलिस विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और खेलों को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। संवाद