- उत्तरी कमान प्रमुख प्रतीक शर्मा और शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने भी किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। उधमपुर-श्रीनगर रेल सेक्शन के उद्घाटन के लिए हवाई यात्रा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन पर उतरे और यहां से चॉपर में बैठकर कटड़ा के लिए रवाना हो गए। कटड़ा में आयोजित रैली में उधमपुर से हजारों की संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी सुबह लगभग 10:05 बजे उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। यहां पर उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू, प्रदेश व जिला पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पीएम का स्वागत करने के लिए भाजपा जिला प्रधान अरुण गुप्ता के नेतृत्व में एयरफोर्स स्टेशन पर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र के विधायक पवन कुमार गुप्ता, बलवंत सिंह मनकोटिया, सुनील भारद्वाज और आरएस पठानिया सहित जिला पदाधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना परिचय दिया और अभिवादन किया। सुबह लगभग 10:15 बजे प्रधानमंत्री चॉपर के माध्यम से कटड़ा के लिए रवाना हो गए।
सुरक्षा घेरे में रहा शहर
जिला प्रधान अरुण गुप्ता की अध्यक्षता में उधमपुर से लगभग छह हजार से अधिक पार्टी नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक वाहनों में कटड़ा में आयोजित रैली के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री का विशेष विमान से उधमपुर आगमन और फिर उधमपुर से चॉपर के माध्यम से कटड़ा रवाना होने को लेकर उधमपुर में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरा शहर सुरक्षा के घेरे में रहा। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, विभिन्न जिलों को जोड़ने वाला धार रोड, पुराने राजमार्ग सहित विभिन्न चौक चौराहों पर सुरक्षा कर्मी तैनात थे।
उधमपुर से दिल्ली हवाई यात्रा का शुभारंभ भी करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने एयरफोर्स स्टेशन मौजूद पीएमओ में राज्य मंत्री व उधमपुर-कठुआ के सांसद डॉ. जतिंद्र सिंह ने एयरफोर्स स्टेशन से दिल्ली यात्रा की सुविधा को शुरू करने को लेकर चल रही प्रक्रिया पर एयरफोर्स अधिकारियों से चर्चा भी की। इसका जतिंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री रैली के दौरान जिक्र भी किया। डाॅ. जतिंद्र ने कहा कि एयरफोर्स स्टेशन से स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए उधमपुर से दिल्ली तक हवाई यात्रा की परियोजना को भी कुछ ही महीनों में शुरू कर दिया जाएगा। इसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री अपने हाथों से करेंगे। इस परियोजना को लेकर सांसद की ओर से पहले ही प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके तहत जम्मू से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली घरेलू उड़ान का एक स्टापेज उधमपुर में रखने का प्रस्ताव रखा गया है ताकि उधमपुर से भी लोग सीधा दिल्ली के लिए हवाई यात्रा कर सकें। उधमपुर से भी हर रोज कई यात्री दिल्ली का सफर करते हैं लेकिन हवाई यात्रा के लिए उन्हें या तो जम्मू या फिर श्रीनगर एयरपोर्ट जाना पड़ता है। सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं पर भी काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सांसद की एयरफोर्स अधिकारियों से हुई बातचीत के दौरान स्थानीय यात्रियों के लिए प्रतीक्षा कक्ष की व्यवस्था, लैंडिंग और टेकऑफ के लिए रनवे का हिस्सा आदि कई बिंदुओं पर चर्चा भी हुई। इसके लिए एयरफोर्स की ओर से भी उचित स्थान उपलब्ध होने पर सहमति जताई गई है।