उधमपुर। राजकीय डिग्री कॉलेज (जीडीसी) मजालता की एनएसएस इकाई ने शीतकालीन शिविर के तहत पौधरोपण अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने नए परिसर में हरियाली बढ़ाने का काम किया। इससे पहले अभियान का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. शालिनी शर्मा ने किया। उन्होंने स्वयंसेवकों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पौधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी लें और समाज में पर्यावरण संरक्षण के संदेशवाहक बनें।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 20 पौधे लगाए गए। प्रो. दिलीप कुमार और प्रो. सुरेश ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। एनएसएस अधिकारी डॉ. चंद्र मोहन ने कहा कि ऐसी गतिविधियां छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी, टीम भावना और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को जलपान कराया गया।