मजालता तहसील के अमारा गांव के लोगों ने डीसी कार्यालय के बाहर सिंचाई और पीएचई विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया। लोगों ने सालों से खस्ता हालत में पड़ी नहर और क्षेत्र में पानी के पाइप नहीं बिछाने पर विभागों के विरोध में नारेबाजी की। मजदूर किसान मंच के बैनर तले हुए प्रदर्शन की अगुवाई प्रधान कुलदीप सिंह कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि कई वर्ष पहले सिंचाई विभाग द्वारा अमारा गांव में नहर बनाई गई, पर कुछ ही महीनों में नहर की हालत इतनी खस्ता हो गई पानी का उससे बहाव ही नहीं हो रहा है। पानी के आगे नहीं बढ़ पाने के कारण लोगों को सिंचाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सिंह ने कहा कि कई बार सिंचाई विभाग से नहर की मरम्मत करने को कहा गया पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। अब विभाग ने एक अन्य कंपनी को आगे की नहर बनाने का काम सौंपा है। कंपनी के अधिकारियों से पहले बनी नहर की मरम्मत करने को कहा गया तो उन्होंने नहर का काम करने से साफ इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा पीएचई विभाग द्वारा पानी के पाइप बिछाने के लिए पाइप भेजे गए थे। पर दो साल से पानी के पाइप ज्यों के त्यों पड़े हैं। अभी तक पाइप नहीं बिछाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को जल्द हल किया जाए।