कटड़ा। जम्मू-कटड़ा मार्ग पर वन टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों के मासिक पास नहीं बनने पर समस्या बढ़ गई है। इस संदर्भ में लोगों ने बैठक कर चर्चा की और प्रशासन से जल्द कदम उठाने की अपील की है।
रविवार को हुई स्थानीय लोगों की समस्या को लेकर बैठक हुई, जिसमें होटल व रेस्तरां एसोसिएशन के सदस्यों सहित पार्षद ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर प्रशासन के समक्ष मामला उठा कर मासिक पास की समस्या का निदान करवाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा मांग के पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। लोगों ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों से आम वाहनों की तरह टोल वसूला जा रहा है। बैठक में होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन के चेयरमैन श्यामलाल केसर, प्रधान राकेश वजीर, उप प्रधान वरिंदर केसर, पार्षद रवि नाग व राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।