दही हांडी फोड़ते कान्हा के वेश में बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
जन्माष्टमी के अवसर पर श्री सत्य नारायण मंदिर रैंबल की ओर से शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए मंदिर परिसर में समाप्त हुई। मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित शोभायात्रा में भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न रूपों को दर्शाया गया।
शोभायात्रा में शामिल संगत ने भगवान श्री कृष्ण के भजन गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हल वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है जो रैंबल के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए मंदिर परिसर में समाप्त होती है। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के दौरान कलाकार भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न अवतारों व उनके बाल अवस्था की झांकियां प्रस्तुत कर लोगों तक भगवान के जीवन की गाथा पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण सबसे के आराध्य माने जाते हैं। भगवान श्री कृष्ण सर्वगुण थे। उनकी जीवनी से प्रेरणा लेकर सब लोगों को हर समय दूसरे के दुख सुख में काम आना चाहिए।
अंत में मंदिर परिसर में शोभायात्रा में शामिल संगत में प्रसाद भी वितरित किया गया। वहीं हाउसिंग कालोनी स्थित श्री कृष्णा मंदिर से श्री कृष्णा जन्माष्टमी पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण जीवन पर रोशनी डालते हुए संसार में लिए गए उनके विभिन्न अवतारों को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। शोभायात्रा के दौरान महिलाओं ने भगवान श्री कृष्ण के भजनों से सब को मंत्रमुक्त कर दिया।
शहर में जगह-जगह भगवान कृष्ण के जीवन पर प्रकाश डालती झांकियां बनाई गई थीं। आदर्श कालोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। विशेषकर वहां पर बच्चे व युवा वर्ग के लोग नजर आए। शहर के देविका मंदिर, शीतला माता मंदिर, सत्यनारायण, पुरुषोत्तम धाम, बाबा लाल जी, कारगिल हनुमान, काली माता मंदिर ओमाडा, रैंबल आदि को भी सजाया गया था। कसबे के साथ नलेया में दुर्गा पब्लिक शिक्षा केंद्र स्कूल ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने रगंारंग कार्यक्रम पेश कर मन मोह लिया।