पौनी। माड़ी से दरुण तक लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य अधूरा होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। करीब एक वर्ष पहले सड़क पर तारकोल डाला गया था लेकिन कई स्थानों पर काम अधूरा छोड़ दिया गया। हालत यह है कि पहली लेयर पर डाली गई तारकोल भी उखड़ने लगी है जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने से हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय इम्तियाज अहमद, विजय शर्मा और अजय शर्मा ने बताया कि विभाग ने शुरुआत में काम तेजी से किया लेकिन बाद में इसे अधर में छोड़ दिया। सड़क के दोनों ओर पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण नहीं किया गया है जिससे बरसात का पानी सीधे खेतों में चला जाता है और फसलों को नुकसान पहुंचता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क की पहली परत डालने के बाद विभाग दूसरी लेयर बिछाना भूल गया है। सड़क का एक हिस्सा करीब सात-आठ महीने पहले ढह गया था। ऐसी स्थिति में हादसे की आशंका है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द अधूरे कार्य को पूरा किया जाए अन्यथा वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
उधर, लोक निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बलदेव ने बताया कि सड़क की दूसरी लेयर का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।