संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। तेज बारिश के कारण पौनी से कुंड खनयाड़ी तक सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पहले से ही सिंगल लेन है जिससे हादसे का खतरा है। गोपाल शर्मा और अशोक शर्मा ने बताया कि स्कूली बच्चों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए सफर करने वाले लोगों की जान जोखिम में है।
क्षेत्र के अधिकांश लोग खेती पर निर्भर हैं। ऐसे में फसल को बाजार तक पहुंचाने के लिए ऑटो का सहारा लेते हैं। सड़क खराब होने के कारण किसान भी परेशान हैं। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जूनियर इंजीनियर मनीष पुरी ने बताया कि टेंडर हो चुका है। जल्द कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।