पौनी। ई-रिक्शा व ऑटो चालकों के लिए कस्बे में कोई भी निर्धारित स्टैंड न होने के कारण चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में चालकों को जहां भी खाली स्थान मिलता है, वहीं अपना ऑटो या ई-रिक्शा खड़ा कर देते हैं।
ऑटो चालक सतवीर सिंह और लक्की सूदन ने बताया कि कस्बे में 60 के करीब ई-रिक्शा और 20 से अधिक ऑटो चल रहे हैं। समय के साथ ऑटो और ई-रिक्शा की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनके लिए कोई उचित स्टैंड की व्यवस्था नहीं है। चालकों का कहना है कि यदि कस्बे में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए एक निर्धारित स्टैंड बना दिया जाए तो उन्हें खाली समय में वाहन खड़ा करने में सुविधा होगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर रहेगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित स्थान पर स्टैंड बनाने की मांग की है अगर ऐसा होता है तो चालकों को राहत मिल सकती है।