उधमपुर/पंचैरी। जन संपर्क अभियान के तहत केंद्रीय सांस्कृतिक राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल बुधवार दोपहर को पंचैरी पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मौके पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किए। इसके साथ ही पंचैरी तहसील में एक म्यूजियम और लाइब्रेरी बनाने का एलान किया। साथ ही पंचैरी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया।
दोपहर करीब दो बजे मंत्री के पंचैरी पहुंचने पर डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह, बीडीसी पंचैरी जीवन शर्मा, बीडीसी मोंगरी विमला देवी, सरपंच कुलदीप कुमार व अन्य ने समस्याओं को उजागर किया। वहीं, मोंगरी में डिग्री कॉलेज, मनरेगा की राशि का भुगतान करने, पर्यटन को बढ़ावा देने, महाराजा गुलाब सिंह के स्थान को विकसित करने सहित कई मांगों को रखा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचैरी और मोंगरी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ आने वाले समय में कल्चर हेरीटेज को भी विकसित किया जा सकता है। इसको देखने के लिए देश व विदेश से पर्यटकों को पहुंचाने का प्रयास होगा। इस क्षेत्र को आने वाले समय में टूरिस्ट हब बनाना है। इसके साथ इसको मंदिरों का टूरिस्ट सर्किट बनाने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कैंथगली में जेएंडके बैंक की शखा खोली जाएगी। इसके साथ पंचैरी में स्थित पोस्ट आफिस की इमारत का भी निर्माण किया जाएगा। सांवला कोट हाइडल प्रोजेक्ट को एनएचपीसी को दे दिया गया है। इसके काम की रफ्तार को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर म्यूजियम का निर्माण किया जाए। इसकी डीपीआर तैयार कर जल्द भेजी जाए। म्यूजियम बनने के बाद प्राचीन इतिहास के बारे में जानने में मदद मिलेगी।
उन्होंने एक लाइब्रेरी बनाने का भी एलान किया। लाइब्रेरी पंचैरी या फिर मोंगरी में खोली जानी है, इसका मिलकर निर्णय लें। उन्होंने मोंगरी के लिए कालेज मंजूर करवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ डेलीवेजर की समस्याओं को भी समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के लिए योजनाएं तैयार करती है और यह योजनाएं जनता तक पहुंचनी चाहिए। इससे ही जम्मू-कश्मीर का विकास तेजी से होगा। उन्होंने मनरेगा की बकाया राशि जारी करने की समस्या के समाधान के लिए संबंधित मंत्री से बात करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में पंचैरी के कलाकारों की तरफ से कुड नृत्य पेश किया गया। इस मौके पर डीसी इंदु कंवल चिब, एसएसपी सरगुन शुक्ला व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलाकारों को मिल रही चार हजार पेंशन
उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति को जीवित रखने वाले कलाकारों को सरकार की तरफ से विशेष सुविधाएं प्रदान की जा रही है और इसमें कलाकारों को चार हजार रुपये मासिक पेंशन देने का भी प्रावधान है। उन्होंने साहित्य को भी बढ़ावा देने का प्रयास करने को कहा।
31 मार्च तक सड़क के दोहरीकरण के निर्देश
क्रिमची से पंचैरी तक 31 किलोमीटर की सड़क के दोहरीकरण के कार्य की धीमी गति का कड़ा संज्ञान लिया और मौके पर मौजूद पीएमजीएसवाई के अधिकारी को सख्त दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने पहले तो ठेकेदार को काम में तेजी लाने को कहा जाए और वह फिर भी नहीं मानता है तो उसको बदला जाए। हर हाल में 31 मार्च 2022 तक काम पूरा हो जाना चाएिह। सड़क के निर्माझा कार्य पूरा किया जाना है।
तीन विकास कार्यों का किया शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने तीन प्रोजेक्ट का आन लान शिलान्यास किया। इनमें दो परियोजनाएं बिजली विभाग से संबधित हैं और एक जलशक्ति विभाग से संबंधित है। इनके बनने के बाद पंचैरी व मोंगरी में बिजली व पानी की समस्या को दूर करनें में बहुत ज्यादा मदद मिलेगी।
विभिन्न सरकारी विभाग की तरफ से लगाए गए स्टाल
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों की तरफ से स्टाल लगाए थे। इन स्टालों के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही थी और इसका लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा था। मंत्री ने भी इन स्टाल को देखा और इनसे संबंधित जानकारी हासिल की।