उधमपुर। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट लगाने के लिए सामने आ रही रुकावट को दूर कर दिया गया है। जिला अस्पताल से पीडीडी के सब स्टेशन को हटा दिया गया है और जल्द मैकेनिकल डिजिवन ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट लगाने का काम शुरू करेगा। इसके लगने के बाद जिला अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। इससे कोरोना संकट से निपटने में भी बहुत ज्यादा मिलेगी। मेकेनिकल डिवीजन ने 40 दिन में इसको स्थापित करना है।
कोरोना संकट बढ़ने के बाद जिला अस्पताल को अगस्त 2020 में केंद्र सरकार की तरफ से 35 वेंटिलेटर मिले हैं। लेकिन ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट की सुविधा न होने के कारण इनका इस्तेमाल नहीं हो सका है। दिसंबर में ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट की मंजूरी मिली और फरवरी 2021 में इसके लिए राशि जारी कर दी गई। इसको लगाने का काम मेकेनिकल डिवीजन को सौंपा गया है। मेकेनिकल डिवीजन ने जब काम शुरू किया तो पता चला कि जिस स्थान पर प्लांट लगाना है वहां पर पीडीडी का सब स्टेशन है और इसको स्थानांतरित करने के बाद ही काम शुरू हो सकेगा। इसको स्थानांतरित करने के लिए पीडीडी को निर्देश दिए गए और इसके लिए पीडीडी को 43 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवा दी गई है। इसको स्थानांतरित करने में करीब दो महीने का समय लग गया। अब इसका काम पूरा हो गया है और जल्द ही मेकेनिकल डिवीजन इसको लेकर काम शुरू करेगा।
प्लांट लगने के बाद ऑक्सीजन की नहीं होगी कमी
कोरोना से रोकथाम के लिए जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है, लेकिन जरूरत अनुसार ऑक्सीजन की सुविधा नहीं होने से सभी वेंटीलेटर काम नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट लगते ही ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। इसके साथ आपात स्थिति होगी तो मरीज को तुरंत वेंटीलेटर की सुविधा मिल जाएगी।
सब स्टेशन और एलटी लाइन के हटा दिया गया है। जल्द ही ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट के लिए फैबरिक और स्टील का ढांचा लगाने के काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद मशीनरी भी लगा दी जाएगी। उम्मीद है कि 40 दिन के अंदर अस्पताल में ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट लग जाएगा।
- पीडी सिंह, एक्सईएन, मेकेनिकल डिवीजन