उधमपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ते ही ऑक्सीमीटर के दाम भी काफी बढ़ गए हैं। मांग अधिक होने के कारण दवा विक्रेता इन्हें अलग-अलग दामों पर बेच रहे हैं। हालांकि कहीं से भी किसी किस्म के कालाबाजारी की खबर नहीं मिली है। अधिकतर दवा दुकानों पर आक्सीमीटर उपलब्ध हैं। आठ सौ से एक हजार रुपये के बीच मिलने वाला ऑक्सीमीटर अब 13 सौ से 28 सौ रुपये के बीच मिल रहा है।
दवा विक्रेताओं का कहना है कि ऑक्सीमीटर बनाने वाली हर कंपनी के अलग दाम हैं। वे किसी से भी एमआरपी से अधिक दाम नहीं वसूल रहे हैं। निर्धारित एमआरपी में डिस्काउंट पर ही लोगों को इन्हें उपलब्ध करवा रहे हैं। इनके रेट में जो भी बढ़ोतरी हुई है वह कंपनियों की तरफ से की गई है। हालांकि इनकी डिमांड बढ़ने के बाद रेट में हुई बढ़ोतरी को लेकर लोगों की शिकायतें मिल रही हैं। लेकिन अब भी कुछ कंपनियों के ऑक्सीमीटर 13 सौ रुपये तक में मिल रहे हैं।