उधमपुर। जिले में कोरोना का कहर जारी है। रविवार को जहां उधमपुर में एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत हो गई है वहीं, 179 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 96 लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। मौजूदा समय में जिले में 1458 मामले सक्रिय हैं। वहीं, टिकरी में लगातार तीसरे दिन 50 से अधिक मामले मिले हैं, जहां हालात बिगड़ने लगे हैं।
जिला में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। हर दिन डेढ़ सौ से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं, जिससे हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक कुल 292 नए मामले पाए गए थे। वहीं शनिवार को भी लगातार दूसरे दिन 181 और अब रविवार को तीसरे दिन 179 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी को होम आइसोलेशन पर रखा गया है। इनके संपर्क में रहने वाले सभी लोगों के कोरोना टेस्ट करवाए गए हैं। मेडिकल ब्लॉक टिकरी में 71, चिनैनी में 31, रामनगर में 25, पंचैरी में 04, बसंतगढ़ में 08, मजालता में 17, उधमपुर शहर में 16 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सात लोग बेल्ट फोर्स के हैं। 96 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 7542 पहुंच गया है, जिनमें से 6009 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 75 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। मौजूदा समय में 1458 सक्रिय मामले शेष हैं।
गौरतलब है कि जिला के शहरी इलाकों के साथ ही अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण का आंकड़ा लगातार बढ़ने लगा है। जिला उधमपुर में बीते तीन दिनों में सबसे अधिक नए मामले मेडिकल ब्लॉक टिकरी में पाए गए हैं। शुक्रवार को जहां टिकरी में 66 नए मामले सामने आए थे, वहीं इसके अगले दिन शनिवार को 71 नए मामले पाए गए थे। अब लगातार तीसरे दिन रविवार को भी मेडिकल ब्लॉक टिकरी में 71 में नए मामले पाए गए हैं। बीते तीन दिनों में ब्लॉक टिकरी में अब तक कुल 208 मामले सामने आ चुके हैं।