उधमपुर। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। शाम तक शहर व ग्रामीण इलाकों में कुल 34 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके साथ एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत भी हुई। राहत की बात यह है कि 55 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। जिले में अब हर रोज संक्रमितों के मुकाबले में कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
जिले में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मामलों में लगातार कमी आ रही है। मौजूदा समय में जिले में 404 सक्रिय मामले हैं। इनकी संख्या में गिरावट से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को बहुत ज्यादा राहत मिल रही है। हालांकि बीच में कुछ लोगों की संक्रमण से मौत हो रही है और यह स्वास्थ्य विभाग की चिंता को बढ़ रहा है। मौजूदा हालात को देख कर लग रहा है कि जिले में स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को रोकने में काफी हद तक कामयाबी हासिल की है।
अब ज्यादातर मामले रामनगर तहसील में ही सामने आ रहे है। उधमपुर शहर में भी बहुत ज्यादा सुधार हुआ है। रविवार को जिले में कुल 13 कोरोना संक्रमित पाए गए थे और 69 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। इसकी तुलना में सोमवार को कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई और कुल 34 लोग संक्रमित पाए गए हैं। रामनगर में सबसे अधिक 13 लोग संक्रमित पाए गए हैं। टिकरी में चार, चिनैनी में छह, पंचैरी दो व शहर में तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ छह सुरक्षाबल संक्रमित पाए गए हैं। एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत भी हो गई। संक्रमण से मौत का बढ़ता आंकड़ा चिंता को बढ़ाने का काम कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल मामले 10851 हो गए हैं। इनमें से 10318 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 129 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 404 सक्रिय मामले बचे हैं।