उधमपुर। वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या बढ़ाना और वैक्सीन के लिए निर्धारित 100 प्रतिशत लक्ष्य का हासिल करना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन गया है। जिले में हर रोज अब एक हजार से कम लोग कोरोना वैक्सीन लगा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए घर घर जाकर वैक्सीन लगाने का भी काम शुरू कर चुकी है। लेकिन इसमें उम्मीद अनुसार कामयाबी नहीं मिल पा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण अब केवल उन लोगों का बचा है, जोकि दूर दराज ग्रामीण इलाकों में रहते हैं। सोमवार को जिले में केवल 559 लोगों की वैक्सीन लग सकी है।
जिले में 4635 स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और अभी तक कुल 4604 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने 99.40 प्रतिशत लक्ष्य का हासिल कर लिया है। इसी तरह 11008 फ्रंट लाइन वर्कर्स में से 10001 लोगों को वैक्सीन लगी है और इसमें 90.85 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है। 45 से 60 आयु वर्ग में 84126 लोगों में से 63809 लोगों को वैक्सीन लगी है और 75.85 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है। 69822 वरिष्ठ नागरिकों में से 44703 लोगों को वैक्सीन लगी है और अभी तक 64.24 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल हो पाया है। स्वास्थ्य विभाग को 45 से 60 और वरिष्ठ नागरिकों को वैक्सीन लगाने में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इन वर्ग के लोगों ने अब स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने के लिए आना कम कर दिया है और इसी कारण अब स्वास्थ्य कर्मचारी घर घर जाकर वैक्सीन लगा रहे हैं। सोमवार को कुल 559 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। इनमें छह स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पहली डोज लगवाई है। 22 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहली और दो दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 392 लोगों ने पहली और पांच ने दूसरी, 116 वरिष्ठ नागरिकों ने पहली और 16 ने दूसरी डोज लगवाई है।
स्वास्थ्य विभाग के पास मौजूद हैं 15760 वैक्सीन की डोज
जिले में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त संख्या में वैक्सीन मौजूद है। मौजूदा समय में स्वास्थ्य विभाग के पास 15760 डोज मौजूद हैं। कुछ दिनों के बाद विभाग को और भी डोज मिलने की संभावना है। लेकिन वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में कमी चिंता का सबब बन चुकी है।
दूसरी डोज का अंतर बढ़ने के बाद कम लग रही दूसरी डोज
स्वास्थ्य विभाग ने अब वैक्सीन की दूसरी डोज के अंतर में बदलाव कर दिया है। पहले पहली डोज लेने के 28 दिन के बाद दूसरी डोज लगाई जा रही थी। लेकिन अब इसका अंतर 84 दिन कर दिया गया है। इसी कारण जिले में अब दूसरी डोज कम संख्या में लग रही है। मौजूदा समय में जिले में कुल 152650 डोज लग चुकी है। पहली डोज 123017 लोगों ने लगवाई है, जबकि 29633 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है।
जिले में दूर दराज ग्रामीण इलाकों में रहने वाले 45 से 60 और वरिष्ठ नागरिकों को डोज लगाना बाकी रह गया है। इनके घर इतने दूर हैं कि इन इलाकों में वैक्सीन के लिए कैंप भी नहीं लगाया जा सकता है। इसलिए कुछ दिनों से वैक्सीन कम लग रही है। फिर भी इनको वैक्सीन लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए आदेश नहीं मिले हैं। जब आदेश आएगा तो इनको भी वैक्सीन लगाना शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ. मोहम्मद यासीन, डीएचओ, उधमपुर