डोडा। मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए एसएसपी ट्रैफिक रोहित बसकोत्रा की देखरेख में यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोडिंग और मानव जीवन को खतरे में डालने को लेकर मामला दर्ज किया है। वहीं, वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
एसएसपी (टी) एनएचडब्ल्यू रामबन की देखरेख में डीएसपी (टी) डोडा-किश्तवाड़ के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने डोडा में नियमित यातायात जांच के दौरान मिनी बस जेके06ए/4027 को जब्त किया है। इस वाहन में 30 अतिरिक्त यात्री सवार थे जबकि क्षमता 24 यात्रियों की थी। चालक ने इस प्रकार मानव जीवन को खतरे में डाला। थाना डोडा में एफआईआर संख्या 64/2025 यू/एस 281/125 बीएनएस के तहत दर्ज की गई है। वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
एसएसपी ट्रैफिक बसकोत्रा ने बताया कि एमवी एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले सभी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें अभिभावकों को भी सलाह दी गई है कि वे अपने बच्चों को व्यावसायिक उद्देश्य से इस्तेमाल किए जा रहे निजी वाहनों में स्कूल न भेजें, क्योंकि यह कानून का उल्लंघन है।
इसके अलावा जिन लोगों के ट्रैफिक उल्लंघन के चालान विभिन्न न्यायालयों में लंबित हैं, वे इसे तुरंत निपटाएं अन्यथा अगली कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने यात्रियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। कहा कि लोगों को यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर -9419993745-9906023617 पर शिकायत करने के लिए आगे आना चाहिए।