पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को शहर के सुनार की दुकान से एक लाख रुपये के जेवरात बरामद कर एक चोर को पकड़ लिया। आरोपी तरुण डोलास कोलकाता का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार राकेश वर्मा निवासी जानीपुर जम्मू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी उधमपुर मैन चौक पर जेवरात के होल सेल की दुकान है। होल सेल की दुकान से कुछ गहने चोरी हो गए हैं। उसका एक कारीगर भी गायब है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी नाकों को अलर्ट कर दिया।
नाकों पर अलर्ट करने के अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पुलिस के अतिरिक्त जवानों को तैनात कर दिया गया। हर आने जाने वालों की तलाशी ली गई और पहचान भी पूछी गई। स्टेशन पर नाके के दौरान ही एक व्यक्ति संदिग्घ परिस्थितियों में घूम रहा था।
पुलिस को उस पर शक हुआ। वह भागने का भी प्रयास किया। एसएचओ महेश शर्मा ने उसका पीछा कर दबोच लिया। उसके बेग की तलाशी लेने पर बैग से सारा सामान बरामद कर लिया गया। चोर ने अपना नाम तरुण डोलास बताया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
दुकान के मालिक राकेश वर्मा को भी थाने बुलाया गया। जहां उसने अपने सभी जेवरात पहचान लिए। कानूनी औपचारिकता पूरी करने के बाद चोरी हुआ सामान राकेश को वापस दिया जाएगा। पुलिस आरोपी तरुण से पूछताछ कर रही है।