-पीएचसी में आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। ब्लॉक टिकरी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) और लगभग 30 स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन कई केंद्रों पर फार्मासिस्ट ही नहीं हैं।
उपचार के लिए इन पीएचसी में आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग 30 हजार की आबादी प्रभावित है।
इतना ही नहीं, ब्लॉक में 2 न्यू टाइप पीएचसी सेंटर तो बना दिए गए हैं लेकिन उनमें मूलभूत सुविधाओं की कमी है। ब्लॉक में बने 30 सब सेंटरों में से 20 में फार्मासिस्ट ही नहीं हैं। जिसके चलते लोगाें को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, कई पीएचसी में डाॅक्टरों के पद तो हैं लेकिन डाॅक्टर नहीं है। ऐसे में ब्लॉक के तकरीबन 30 हजार की आबादी को मजबूरन पीएचसी टिकरी या फिर जीएमसी उधमपुर इलाज करवाने के लिए जाना पड़ रहा है।
वहीं टिकरी, गढ़ी, क्रिमची मानसर व हरितयान में पीएचसी बनाए गए हैं, जिसमें क्रिमची मानसर पीएचसी में स्टाफ की बहुत कमी है। लोगों को इलाज कराने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विभाग की ओर से सरकार को स्टाफ की कमी को लेकर लिखित में भेजा गया है लेकिन अभी किसी की तैनाती नहीं की जा सकी है। इसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इतना ही नहीं ब्लॉक में होने वाली प्रशासनिक बैठकों में भी स्थानीय लोग और पूर्व सरपंच कई बार सब सेंटनों व पीएचसी में स्टाफ की कमी को पूरा करने की मांग कर चुके हैं।
कोट..
ब्लॉक में 30 सब सेंटरों में से 20 में फार्मासिस्ट के पद खाली पड़े हुए हैं। इसके लिए विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखित में भेजा गया है। उम्मीद है कि विभाग जल्द से जल्द इन पदों को भरने के लिए प्रयास करेगा ताकि लोगों को आ रही समस्या से निजात मिल सके।
-
डॉ. यासीन, डिप्टी सीएमओ