उधमपुर। जिले में वीरवार को कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है और न ही कोई व्यक्ति महामारी को मात देने में कामयाब रहा है। इससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कुछ राहत मिली है। मौजूदा समय में जिले में नौ मामले शेष हैं।
मंगलवार को पंचैरी में एक साथ पांच विद्यार्थी संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। विभाग ने पंचैरी में विद्यार्थियों के संपर्क रहने पर 150 से अधिक लोगों के कोविड टेस्ट करवाए थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, बुधवार को दूसरे दिन मोंगरी तहसील में एक व्यक्ति संक्रमित मिला था। इससे स्वास्थ्य विभाग की एक बार फिर से चिंता बढ़ गई थी। लेकिन वीरवार को फिर से राहत मिली है।
शाम तक एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया और मौजूद संक्रमितों में से किसी ने भी महामारी को मात नहीं दी है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11397 हो गए हैं। इनमें से 11251 लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। 137 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब नौ सक्रिय मामले बचे हैं।