उधमपुर। इस महीने लगातार दूसरी बार मंगलवार को कोई कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। इसके साथ 11 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। मामले कम होने और सक्रिय मामले कम होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को बहुत ज्यादा राहत मिली है। जिले में अब 31 सक्रिय मामले बचे हैं।
अगस्त महीना शुरू होने के साथ ही जिले में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होना शुरू हो गई थी और कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में कमी आ गई थी। लेकिन अब कुछ दिनों से राहत मिल रही है। रविवार को जिले में एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया था। सोमवार को चार लोग कोरोना संक्रमित पाए। मंगलवार को एक बार फिर से एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है। जबकि 11 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को बहुत ज्यादा राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11369 हो गए हैं। इनमें से 11201 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 137 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 31 सक्रिय मामले बचे हैं।