उधमपुर। निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में शनिवार को जगह-जगह शीतल जल की छबीलों सहित फल वितरण के लिए जगह-जगह स्टाल लगाए गए। तेज धूप और गर्मी अधिक होने की वजह से आम आदमी को राहत दिलाने के लिए जगह-जगह छबीलों के स्टाल देखने को मिले।
शहर के मुख्य बाजार गोल मार्केट, सलाथिया से लेकर धार रोड शिव नगर, डाक बंगला और त्रिकुटा नगर में भी छबीलें लगाई गईं थीं। कहीं पर मीठा शरबत वाला ठंडा पानी तो कहीं पर तरबूज, आम आदि कटे फल वितरित किए जा रहे थे। यह स्टाल व्यापारियों के साथ-साथ विभिन्न समाजसेवी संगठनों की ओर से आयोजित किए गए। जहां बच्चों से लेकर प्रत्येक आयु वर्ग के लोग सेवा करने में जुटे हुए थे। तपती गर्मी में सड़कों से गुजर रहे राहगीरों और यात्रियों ने ठंडा मीठा पानी पीकर राहत पाई। खासकर यात्री व निजी वाहनों पर सवार लोगों ने भी वाहन रोक कर छबील का आनंद लिया।