किश्तवाड़। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने आतंकी फंडिंग से जुड़े एक मामले में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी रियाज अहमद के घर पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने रियाज के घरवालों से भी पूछताछ की। सूत्रों ने बताया कि पिछले चार दिनों से यहां डेरा जमाए एनआईए की टीम ने यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत की। शुक्रवार को एनआईए की टीम ने उपमंडल मढ़वा के रहने वाले हिजबुल आतंकी रियाज अहमद के घर जाकर परिजनों से आतंकी फंडिंग को लेकर पूछताछ की। हालांकि इस संबध में पुलिस अधिकारियों ने भी चुप्पी साध रखी है। पिछले कुछ दिनों से एनआईए,एसआईए व एसआईयू जैसी एजेंसियां इस इलाके में पुराने व सक्रिय आतंकियों व उनके सहयोगियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए उनकी परिसंपत्तियों का ब्यौरा जुटा रही हैं।
-
2018 में सुरक्षाबलों ने किया था गिरफ्तार
सुरक्षाबलों ने 9 दिसंबर 2018 को आतंकी रियाज को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि गिरफ्तारी से पहले वह चिनाब वैली में युवाओं को बरगलाकर उन्हें आतंकी संगठनों में भर्ती होने के लिए प्रेरित करता था। साथ ही इलाके में लोगों से वसूली भी करता था। इस पैसे का उपयोग वह आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए करता था। वह इस संगठन के मोहम्मद अमीन, जहांगीर सरूड़ी का करीबी और सहयोगी भी है।