महिला का शव मिलने के बाद घर में जांच करती पुलिस टीम।
उधमपुर। शहर के वीनस चौक इलाके से सोमवार दोपहर को संदिग्ध परिस्थितियों में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला का घर से शव बरामद हुआ। वृद्धा के नाक से खून बह रहा था, जबकि हाथ में भी खून लगा हुआ था। महिला के गले में कपड़ा लिपटा हुआ था। परिजनों ने वृद्धा की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है। नाती ने अपने मामा और मामी पर हत्या की आशंका जताई है। उसने बताया कि आए दिन मामा और मामी नानी के साथ मारपीट करते थे।
घर से मृत अवस्था में मिली 75 वर्षीय निर्मला देवी का नाती पंकज शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर को वह खाना देने नानी के पास गया था। जब वहां पहुंचा तो नानी का कमरा खुला था, जबकि अन्य कमरों के दरवाजों पर ताले लटके हुए थे। जब कमरे के अंदर पहुंचा तो नानी बेसुध पड़ी हुईं थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। नानी के कुछ कपड़े गले में लिपटे हुए थे। नाक से खून बह रहा था और हाथ पर भी खून लगा हुआ था। पंकज शर्मा ने आरोप लगाया कि उसके मामा-मामी बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट करते थे। उसने आशंका जताई कि मामा-मामी ने ही उसकी नानी की हत्या की है।
उसने बताया कि अंदर का नजारा देने के बाद उसे वार्ड-14 के पार्षद सुभाष को सूचित किया और पार्षद ने पुलिस को बताया। सूचना मिलने पर एसएचओ विजय चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया। सूत्रों के अनुसार अभी तक पुलिस ने किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया है। मृत महिला की बहू सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बेटा पहले से ही पुलिस की हिरासत में है और उससे भी पूछताछ की जा रही है।
घर में लगा सीसीटीवी कैमरा गायब
जांच के दौरान ही पुलिस ने पाया कि घर में अंदर सीसीटीवी लगा है, लेकिन कैमरा ही निकाल दिया है। आशंका है कि सोची समझी साजिश के तहत ही हत्या की गई है। वहीं पार्षद ने कहा कि रविवार को महिला के बेटे अश्वनी की किसी के साथ कहासुनी हुई थी। मामला बिगड़ने पर पुलिस तक पहुंच गया था। रविवार को ही पुलिस ने पूछताछ के लिए अश्वनी को अपने पास रख लिया था। वह रविवार से घर नहीं आया और आज अश्वनी का पूरा परिवार गायब था। मामला संदिग्ध लग रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला के साथ अकसर उसका बेटा और बहू मारपीट करते थे। इसकी शिकायत वुमेन सेल में भी की गई थी और पुलिस इसकी जांच कर रही थी।