आरोपी युवक ने बताया कि मृतक को कहां और किस जगह बुलाया था
हत्या से लेकर नाले में शव फेंकने तक की पूरी वारदात की जांच की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। लद्दा गांव में हुए सनसनीखेज दामाद हत्याकांड की गहन जांच में जुटी पुलिस मंगलवार को वारदात स्थल पर पहुंची। पुलिस ने हत्या के आरोपियों में शामिल मृतक के साले जोगिंदर कुमार के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट किया। आरोपी ने बताया कि उन्होंने मृतक को कहां और किस जगह बुलाया था। हत्या से लेकर नाले में शव फेंकने तक की पूरी वारदात में शामिल हर किरदार की भूमिका और हर घटनाक्रम की बारीकी से जांच की गई।
ख़ासकर, शव को जलाने या पहचान मिटाने के लिए किए गए प्रयासों से जुड़ी हर हरकत को जांच का अहम पहलू माना गया है। गौरतलब है कि पंचैरी निवासी रवि कुमार हत्याकांड के मुख्य आरोपी, मृतक की पत्नी, सास और साले को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के तीसरे दिन चिनैनी पुलिस एक आरोपी युवक को घटना वाले स्थान पर ले गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों महिला आरोपियों को वुमेन सेल में रखा गया है, जबकि पुरुष आरोपी चिनैनी पुलिस स्टेशन में है। मंगलवार को एक आरोपी को चिनैनी पुलिस की ओर से घटनास्थल पर लाया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों के घर से लेकर जहां रवि का शव बरामद हुआ था, उस नाले तक घटी पूरी वारदात की एक तस्वीर तैयार की गई है। इससे जांच से जुड़े कई अनसुलझे पहलुओं को सुलझाने में मदद मिलेगी।
पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि रवि के पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसे बेहोश करके मारा, पीछे से वार किया, या फिर उसके सोने के बाद तीनों ने मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि यदि आरोपी लाश को पूरी तरह जलाने की फिराक में थे, तो ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने अधजली लाश को उठाकर नाले में फेंक दिया।
उधर डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपी युवक को लेकर घटनास्थल पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।