किश्तवाड़। शहर में मंगलवार रात भीषण आग से नगर परिषद का कार्यालय और घर जलकर राख हो गया। आग से लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। आग सबसे पहले नगर परिषद के कार्यालय में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसमें कार्यालय का पूरा रिकॉर्ड और अन्य सामान जल गया। पास में स्थित मोहम्मद असलम गिलकार का दो मंजिला मकान भी आग की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि शहर में पहले से बनाए गए वाटर पॉइंट से दमकल विभाग को पानी उपलब्ध हुआ जिससे आग बुझाने में काफी मदद मिली। यह इलाका शहर का घनी आबादी वाला है। घटनास्थल की जगह के पास इस्लामिया फरीदिया हायर सेकेंडरी स्कूल, जामिया मस्जिद सहित कई अन्य मकान हैं। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के घरों और संस्थानों को बचा लिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना के समय सुरक्षाबल, दमकल विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, स्थानीय प्रशासन, सेना और अन्य स्वयंसेवी संगठनों के लोग भी पहुंच गए और आग बुझाने में सहयोग किया।
दो दिन पहले भी सिमना कॉलोनी स्थित एनएचपीसी के एचआर कार्यालय में आग लगने की घटना सामने आई थी। इसके अलावा जिले के मढ़वा, वाड़वन, पाडर तथा अन्य दूरदराज क्षेत्रों में भी पहले कई बार अग्निकांड हो चुके हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।