जिला मुख्यालय से महज पचास मीटर की दूरी पर बुधवार देर शाम को मोटर साइकिल सवारों ने एक थोक व्यापारी पर हमला कर करीब पौने दो लाख रुपये छीन लिए। हमलावर दुकान का बही खाता समेत बैग भी छीन ले गए। व्यापारी को अधमरा छोड़ कर हमलावर जिला मुख्यालय की इमारत और पुलिस थाने के पीछे से भाग गए।
व्यापारी वीरेंद्र गुप्ता ने गंभीर हालत में भी हमलावरों का पीछा किया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सके। व्यापारी की हालत देखकर कुछ लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। व्यापारी वीरेंद्र का कहना है कि वह पुराने बाजार में थोक व्यापार का कारोबार करते हैं।
उनके पास दुकान का बही खाता सहित करीब एक लाख 83 हजार रुपये थे। वह अपने घर शक्ति नगर जा रहा था। वह जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर एक गली से गुजर रहे थे। गली में उन्हें दो लोग बैठे दिखे।
समझा कि वह टॉयलेट कर रहे होंगे, लेकिन वह अचानक उठे और मारने लगे और बैग छीन लिया। उनके पास तीसरा युवक बाइक पर सवार था। जब वह तीनों भागने लगे तो उनका काफी दूर तक पीछा किया, परंतु वह भागने में सफल हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
खुद एसएसपी संदीप वजीर और थाना प्रभारी मोहम्मद अफजल जिला अस्पताल पहुंचे। हमलावरों की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। जिले में इस तरह की यह दूसरी घटना है। करीब 20 वर्ष पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी। तब एक व्यक्ति बैंक से रुपये लेकर बाहर निकला था, जिससे संदिग्धों ने फायर कर पैसा लूट लिया था।