चिनैनी। ऐतिहासिक व प्रसिद्ध तीन दिवसीय सुद्धमहादेव मेले को लेकर प्रशासन ने बैठक कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि मेले में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसडीएम परवेज अहमद नायक ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मेला अधिकारी के रूप में तहसीलदार चिनैनी को नियुक्त किया गया है। तीन दिवसीय सुद्धमहादेव मेला 13 जून से शुरू हो रहा है। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्रद्धालु गौरीकुंड, सुद्धमहादेव व मानतलाई में पवित्र स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, उसके लिए मेले में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में अधिकारियों को बिजली, पानी, यातायात, सड़क, यात्रियों के ठहरने के इंतजाम, आदि की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान तीन कमेटियों का गठन किया गया है, जिसमें से एक कमेटी यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था, दूसरी कमेटी यातायात सुविधा और तीसरी कमेटी सड़कों की हालत और अन्य इंतजाम करेगी। इसके अलावा कुछ जगहों को नो पार्किंग जोन भी घोषित किया गया है। चिनैनी दोमेल से धनास चौक तक मेले के दौरान सड़कों पर गाड़ियां खड़ी नहीं होंगी। इसी तरह बश्ट, गौरीकुंड, सुद्धमहादेव व मानतलाई में भी कुछ स्थान नो पार्किंग जोन होंगे।