उधमपुर में बैठक को संबोधित करते पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। करीब एक साल पहले जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी से अलग हुए पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया अगामी चैत्र नवरात्रों में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो सकते हैं। इसके संकेत उन्होंने वीरवार को उधमपुर में आयोजित कार्यकर्ताओं व समर्थकों की एक बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि बैठक में जनता व समर्थकों की सहमति से निर्णय ले लिया है, जिसकी सार्वजनिक घोषणा 2 अप्रैल से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रों में होगी। आप में शामिल होने के स्पष्ट संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा है कि नवरात्रों से पहले अपने घरों में पड़े कुर्सी, टेबल व अन्य चीजों पर जमी धूल को हटाने के लिए झाड़ू लेकर सफाई करना शुरू कर दें।
गौरतलब है कि पैंथर्स पार्टी के साथ अपने राजनैतिक करियर की शुरूआत करने वाले मनकोटिया लगातार दो बार उधमपुर के विधायक रहे हैं। दोनों बार उन्होंने पैंथर्स पार्टी के निशान पर भाजपा को कड़ी टक्कर देकर विधानसभा का चुनाव जीता। लेकिन साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें मोदी लहर में आजाद उम्मीदवार रहे पवन कुमार गुप्ता से हार मिली। बीते वर्ष मनकोटिया ने पैंथर्स पार्टी में पारिवारिक झगडे़ को कारण बताते हुए इस्तीफा दे दिया था।