उधमपुर में नेशनल कांफ्रेंस की बैठक में मौजूद नेता व कार्यकर्ता
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। नेशनल कांफ्रेंस के जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में दौरे के दौरान ब्लॉक जगानू और मजालता में विभिन्न जनसभाओं का आयोजन कर जनसमस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स के सहारे भाजपा पर कटाक्ष किया।
इस मौके पर उन्होंने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी अपनी नाकामी छुपाने के लिए संवेदनशील मुद्दों को उठाकर लोगों का ध्यान भटका रही है। वह लोगों को धर्म संप्रदाय के नाम पर लड़वाने का काम कर रही है, जो आने वाले समय में देश के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। 1996 में जब जम्मू कश्मीर में आतंकवाद चरम पर था, उस समय प्रदेश में नेकां अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ही एकमात्र ऐसे व्यक्ति थे जो शांति और हालात को सामान्य बनाने के लिए आतंकवाद के खिलाफ मजबूती के साथ खड़े थे।
उन्होंने कहा कि नेकां ने जमीनी स्तर पर काम किया है, और आगे भी करते रहेंगे। कुछ राजनीतिक दलों के नेता ‘द कश्मीर फाइल’ नाम की फिल्म पर नेतृत्व के खिलाफ झूठा और निराधार प्रचार कर रहे हैं, जिनका मकसद केवल वोट का राजनीतिकरण करना हैं। लेकिन, लोग उनकी राजनीति से अच्छी तरह वाकिफ हैं। इस मौके पर जिला सचिव दिल मोहम्मद, ओबीसी सेल के डॉ. रोमेश कुमार, सरपंच कुलदीप कुमार, मौलवी अब्दुल कयूम, आदि उपस्थित थे।