फोटो..पीडीपी अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती किश्तवाड़ के डाकबंगला में जनसभा के दौरान।
- फोटो : UDHAMPUR
किश्तवाड़। जिले में दो दिवसीय दौरे पर आईं पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर हमलावर रहीं। सोमवार को महबूबा ने स्थानीय डाकबंगला में जनसभा को संबोधित किया करते हुए कहा कि मुस्लिम अगर हक मांगते हैं तो उन्हें पाकिस्तानी कहा जाता है। और अब सरदारों को भी खालिस्तानी कहा जा रहा है। अनुच्छेद 370 को रुकावट कहकर हटाया गया था। वह प्रदेश के लोगों की पहचान ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा भी थी। उसे जमीन, नौकरी, डोमिसाइल, आदि की रक्षा होती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की ओर इशारा करते हुए महबूबा ने कहा कि ऊपर यानी केंद्र में बैठे दो लोग कारोबारी हैं। सियासत में उन्हीं की सरकार चलती है। उन्होंने सब कुछ बेच दिया है।
पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए महबूबा ने कहा कि वह भी आरएसएस के साथ बैठे थे। लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के साथ बात शुरू की थी। उन्होंने वोट की सियासत नहीं की। उनकी बात से जम्मू कश्मीर में किसी हद तक शांति बहाल हुई थी। बिना नाम लिए नरेंद्र मोदी की ओर इशारा करते हुए वह बोलीं कि इन्होंने एक वर्ष पहले पाकिस्तान से बात की, तब सीजफायर हुआ। लोगों को आपका हिंदुस्तान नहीं चाहिए। उन्हें वह हिंदुस्तान चाहिए जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई साथ हैं।
महबूबा ने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश से जो छीन है, उसे वापस लेकर रहेंगे। हिंदू मुस्लिम कर भाजपा सही सियासत नहीं कर रही। वह वोट बैंक के लिए हिंदू मुस्लिम को आपस में लड़ा रही है। इस दौरान कई लोगों ने पीडीपी पीडीपी का हाथ थामा। जिन्हें फूलमाला पहनाकर खुद महबूबा ने स्वागत किया। इस दौरान एमएलसी फिरदौस अहमद टाक और प्रदेश महा सचिव नासिर शेख ने जिले की समस्याओं से अवगत कराया।
------
सभा में उड़ीं कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां
महबूबा की जनसभा में कोविड के किसी भी निर्देश का पालन नहीं किया गया। यहां कुछ लोगों के चेहरे पर मास्क लगा था। अधिकतर लोग बिना मास्क के ही बैठे थे। साथ ही सामाजिक दूरी का भी किसी को ध्यान नहीं था।
------
फोटो..पीडीपी अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती किश्तवाड़ के डाकबंगला में जनसभा के दौरान।- फोटो : UDHAMPUR