उधमपुर। जिब मोड़ गुरुद्वारा कमेटी लोगों की निशुल्क चिकित्सा जांच के लिए हर सोमवार को गुरुद्वारे में शिविर का आयोजन करेगी। इसके तहत प्रत्येक सोमवार को जिला अस्पताल का एक विशेषज्ञ डॉक्टर गुरुद्वारे में पहुंचकर अपनी सेवा देेगा।
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि इस सेवा को ‘भाई कन्हैया जी सेवा ट्रस्ट’ के सहयोग से शुरू किया गया है। इससे रैहंबल वन, रैहंबल टू, चोपड़ा शॉप, गढ़ी और गरनेई पंचायत के अलावा इनके साथ लगते इलाकों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। सोमवार को इस पहल की शुरूआत की गई। इस मौके पर काफी संख्या में इलाके के लोगों ने शिविर में आकर अपनी चिकित्सा जांच करवाई।
इस अवसर पर मौजूद गढ़ी रैहंबल व्यापार मंडल के प्रधान एवं सीनियर सिटीजन फोरम (गढी रैंहबल, चोपड़ा शॉप) के अध्यक्ष डॉ. एनसी भट्टी ने कहा कि इससे इलाके के तमाम लोगों को काफी फायदा मिलेगा। क्योंकि, इस इलाके में पहली बार इस तरह की चिकित्सा सेवा शुरू की गई है। इससे पहले लोगों को कई किलोमीटर का सफर तय कर जिला अस्पताल व अन्य इलाकों में जाना पड़ता था। इस सेवा के शुरू होने से अब उन्हें घर के पास चिकित्सा जांच की सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष रंजीत सिंह दत्ता, ब्लॉक उधमपुर के बीडीसी अध्यक्ष बलवान सिंह ने भी इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संस्था बेहद ही सरहनीय काम कर रही है। इसके लिए पूरी पीआरआई टीम, संस्था के इस सरपंच प्रीतपॉल सिंह, सरपंच सुषमा अबरोल, सरपंच शमशेर सिंह, आदि उपस्थित रहे।