उधमपुर। जिले में दो दिन से बिगड़े मौसम के बाद जहां ठंड का प्रकोप बढ़ गया है, जिस का असर मंडे मार्केट में देखने को मिला। नगर के विभिन्न बाजारों में दिनभर लोगों की काफी भीड़ उमड़ी रही। वहीं, गर्म कपड़ों की बिक्री में भी काफी उछाल आने से कारोबारियों के चेहरे दिनभर खिले रहे।
जानकारी के अनुसार सोमवार को काफी संख्या में लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए नगर में पहुंच। इस कारण देविकानगरी के बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। दुकानदारों ने मौसम में आए बदलाव को देखते हुए मंडे मार्केट में दुकानों के बाहर फड़ियां लगाकर खूब चांदी कूटी। गौरतलब है कि रविवार को बारिश होने के बाद से जिले में सर्दी का असर काफी बढ़ गया है। इससे नगरवासियों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। अन्य दिनों के मुकाबले मंडे मार्केट में काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। विशेषतौर पर नगर के कोर्ट रोड, गोल व सिटी लाइट टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में लोगों की काफी आमद देखी गई।