पौनी। ठाकरा कोट के लोअर मता में विरोध के बाद भी सरकारी प्राइमरी स्कूल की नई इमारत का निर्माण जारी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भवन के लिए चुनी जगह सुरक्षित नहीं है और बरसात में बच्चों के लिए खतरा बन सकती है। स्थानीय मुकेश सिंह, पंकज सिंह और राज कुमार ने बताया कि इस संभावित खतरे को देखते हुए विभाग से सुरक्षित स्थान पर स्कूल भवन बनाने की मांग की थी। इस संबंध में शिकायत देने के बावजूद विभाग ने ठोस कार्रवाई नहीं की।
यदि भविष्य में दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और जोनल एजुकेशन अधिकारी की होगी। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि जोनल एजुकेशन अधिकारी द्वारा कार्य बंद कराने की बात कही गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य तेजी से जारी है। वहीं जोनल एजुकेशन अधिकारी द्वारका नाथ ने आरोप को खारिज करते हुए कहा कि भवन लोअर मता के लिए स्वीकृत है और निर्माण योजना के तहत किया जा रहा है। पानी आने की आशंका के चलते बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी। साथ ही मता क्षेत्र के लिए तीन कमरों का भवन तैयार किया जाएगा। इस बारे में लोगों के साथ सहमति बन चुकी है और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य चल रहा है।