उधमपुर। रविवार की छुट्टी के चलते देविकानगरी के बाजार में सुबह से शाम तक रौनक छाई रही। शाम तक लोगों का बाजार में खरीदारी करने के लिए पहुंचना जारी रहा। इस दौरान लोगों ने सामाजिक दूरी को भी पूरी तरह से नजर अंदाज कर दिया। हालांकि बाजार में थोड़ी तेजी आने पर व्यापारी वर्ग राहत महसूस कर रहे हैं।
गौरतलब है कि अनलॉक 2.0 में देविकानगरी के बाजार में सुधार हो रहा है। दुकानों को खोलने का समय शाम सात बजे तक कर दिया गया है। वहीं रविवार की छुट्टी के चलते बाजार में लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सुबह से ही लोगों का बाजार पहुंचना शुरू हो गया था। इसके बाद लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होती चली गई। दोपहर के समय बाजार में लोगों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि गोल मार्केट, कोर्ट रोड, मुखर्जी बाजार में जाम की स्थिति बन गई और जाम में फंसे वाहनों की लंबी कतार लग गई। मजबूरन पुलिस को मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभालना पड़ा।
वहीं लोगों की भीड़ बढ़ने के साथ ही सामाजिक दूरी के नियम को पूरी तरह से नजर अंदाज किया जा रहा है। जानकारी के बाद भी लोग इस नियम की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं और न ही कोई इसको लेकर जागरूक कर रहा है। अब पुलिस ने भी दुकानदारों को टोकना बंद कर दिया है और दुकानदारों ने भी इसको पूरी तरह से नजर अंदाज करना शुरू कर दिया है। इसके बाद शाम तक बाजार गुलजार रहा। कुछ दुकानों में तो ग्राहकों को अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ रहा था। शाम के सात बजते ही दुकानों के बंद होने का सिलसिला शुरू हो गया और करीब साढ़े सात बजे तक पूरा बाजार बंद हो गया था।