उधमपुर। सैला तालाब स्थित वीनस चौक क्षेत्र से नगर के धार रोड रूट पर चलने वाली मेटाडोर में माल ढुलाई होने से लोड कैरियर ऑटो चालक परेशान हैं। उनका कहना है कि इससे धंधा चौपट हो गया है। उन्होंने परिवहन विभाग से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
लोड कैरियर ऑटो चालकों ने बताया कि वह रोजाना सुबह से शाम तक स्टैंड पर खडे़ रहते हैं, लेकिन मेटाडोर सहित अन्य यात्री वाहनों की वजह से एकाध ग्राहक भी मुश्किल से मिलता है। मेटाडोर चालक सवारियों सहित माल ढुलाई का काम धड़ल्ले से कर रहे हैं, जोकि गलत है। इससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लोड कैरियर ऑटो चालक वाले सुनील सिंह उर्फ तितरू, जय शंकर, योगी, इंद्रू, रवि, बाबू राम, हैप्पी, अजू, मानिक और रोनी ने बताया कि कुछ साल पहले परिवहन विभाग ने यात्री वाहनों में माल ढुलाई पर रोक लगाई थी, जिसके बाद काम ठीक चल रहा था। लेकिन अब फिर कुछ माह से मेटाडोर वालों ने माल ढुलाई का काम शुरू कर दिया है। ग्राहक भी कुछ पैसे बचाने के चक्कर में मेटोडोर में सामान ले जाते हैं। ऐसे में धंधा चौपट हो रहा है। शाम तक ग्राहक नहीं मिलने से परेशान हैं। परिवार गुजारा चलाना भी मुश्किल हो रहा है। इसलिए परिवहन विभाग और जिला प्रशासन को सुध लेनी चाहिए।