उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी व मोंगरी के कई इलाकों में लगातार तीसरे दिन बिजली सेवा पूरी तरह बंद रही। मौसम में सुधार होने के बाद विद्युत विभाग सुबह से ही मरम्मत कार्य में जुट गया। लेकिन, शाम तक मशक्कत करने के बाद भी कुछ इलाकों में ही बिजली बहाल हो सकी। जबकि, ज्यादातर इलाके अंधेरे में डूबे रहे।
शुक्रवार को तेज बारिश व बर्फबारी होने के साथ ही बिजली ढांचे को भी नुकसान पहुंचा था। इससे पंचैरी, मोंगरी व चिनैनी तहसील में बिजली बंद हो गई थी। चिनैनी की 33 केवी की लाइन की शनिवार रात तक मरम्मत करने के बाद बिजली को बहाल कर दिया गया था। लेकिन, पंचैरी व मोंगरी में बिजली बंद ही रही। रविवार को मौसम में सुधार होने पर विभाग मरम्मत के कार्य में जुट गया।
लेकिन, पंचैरी व मोंगरी में इतनी बर्फबारी हुई है कि कर्मचारियों को काम करने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बर्फबारी के कारण नुकसान भी बहुत ज्यादा हुआ है। शाम तक मशक्कत करने के बाद पंचैरी कस्बे में तो बिजली को बहाल करने में कामयाबी मिल गई, लेकिन दूरदराज ग्रामीण इलाकों में बिजली को बहाल करने में कामयाबी नहीं मिल सकी।
इसके साथ मोंगरी में भी बिजली को बहाल करने में कामयाबी नहीं मिली। डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह ने बताया कि बिजली को बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत की जा रही है। सोमवार को लगभग सभी इलाकों में बिजली बहाल हो जाएगी। दोनों तहसीलों में सौ से अधिक पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं।