उधमपुर। तहसील पंचैरी के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व डीडीसी सदस्य जसवीर सिंह के नेतृत्व में लोक भवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान उधमपुर-पंचैरी-लांदर-गलियोत-सवलकोट सड़क के निर्माण और डबल लेन में बदलने की वकालत की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने इस बात पर जोर दिया कि 65 से 70 किलोमीटर का खंड राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को 1856 मेगावाट के सवलकोट जलविद्युत परियोजना से जोड़ने वाला सबसे छोटा और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मार्ग है। जसवीर सिंह ने बताया कि चिनाब नदी पर बनने वाली मेगा परियोजना का बड़ा हिस्सा उधमपुर के अंतर्गत आता है जिससे सड़क गलियारा परियोजना के लिए लाइफलाइन है।
उन्होंने सुझाव दिया कि 31380 करोड़ की परियोजना की लॉजिस्टिक जरूरत को पूरा करने के लिए बिना सुरंग के भी डबल लेन सड़क का निर्माण संभव है।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने इसी शैक्षणिक सत्र से केंद्रीय विद्यालय पंचैरी में कक्षाएं शुरू करने के लिए भी उपराज्यपाल के हस्तक्षेप की मांग की क्योंकि सिविल सचिवालय में कुछ औपचारिकताएं अब भी लंबित हैं। जसवीर सिंह ने पंचैरी में केंद्रीय विद्यालय खोलने में सहयोग के लिए उमर सरकार और इसे स्वीकृति प्रदान करने के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक के रूप में उन्होंने उपराज्यपाल को गलियोत बधोता स्थित बाबा समतल देवस्थान का पवित्र चित्र भी भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच सुरजीत सिंह, प्रभात सिंह, राजेश कुमार (अध्यक्ष, व्यापार मंडल पंचैरी), राजिंदर कुमार, अर्जुन सिंह, बलबीर सिंह, गणेश दत्त और शंभू नाथ शामिल थे। उपराज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इन गंभीर चिंताओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।