उधमपुर। करीब दो सप्ताह के बाद जिले में कोरोना संक्रमण के 100 से कम मामले सामने आए हैं। रविवार को शाम तक जिले में कुल 77 मामले सामने आए। इनमें से दो लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 75 लोग जिले के विभिन्न हिस्सों में संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों के संपर्क में रहने वाले लोगों के भी कोरोना टेस्ट करवाए गए है। मामले कम होने पर स्वास्थ्य विभाग को बहुत ज्यादा राहत मिली है। इसके साथ ही शाम तक कुल 169 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे।
मई महीना शुरू होने के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी होना शुरू हो गई थी और हालात यह बन गए थे हर रोज 200 से अधिक मामले सामने आने लगे थे। मामले बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने भी सख्ती करना शुरू कर दिया। कुछ दिनों के बाद पूरे जिले में कोरोना कर्फ्यू लगा दिया गया। इसके बाद लगातार हर रोज 100 से अधिक मामले सामने आते रहे। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इस पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए।
कई दिन गुजरने के बाद अब इसमें कुछ राहत मिलती नजर आ रही है। जिले में रविवार को शाम तक कुल 77 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दो सप्ताह से भी अधिक समय गुजरने के बाद 100 से कम मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार मेडिकल ब्लाक टिकरी में 19, चिनैनी में 22, रामनगर में चार, बसंतगढ़ में 15, मजालता में दो, शहर में 11, चार सुरक्षाबल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिले में अभी तक कुल 10063 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 8423 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 112 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में मौजूदा समय में 1528 सक्रिय मामले मौजूद है।