चिनैनी। वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार की रात को तेंदुआ देखे जाने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने वन्य जीव विभाग से मांग की है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए। वहीं वन्य जीव विभाग के अधिकारी बाबूराम ने बताया कि उनकी टीम शुक्रवार रात को ही मौके पर पहुंच गई थी। तेंदुए को भगाने के लिए लोगों को पटाखे भी दिए गए हैं।
वार्ड के निवासी शशि शेखर, अक्षय कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात को सीता राम के घर के पास तेंदुआ पहुंच गया था। काफी देर तक वह घर के नजदीक रहा। उसने खिड़की के पास पहुंचकर खिड़की खोलने का प्रयास भी किया। उन्होंने बताया कि तेंदुए के वार्ड में आने से दहशत का माहौल है। इस बारे में पुलिस तथा वन्य जीव विभाग को सूचना दी गई है। इससे पहले भी कई बार वार्ड नंबर 7 में तेंदुआ देखा गया है। संवाद