संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। प्रदेश में दस वर्षों के बाद होने जा रहे विधानसभा चुनावों की घोषणा होते ही जिला में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक दिन में ही कई प्रकार की अटकलों का बाजार गर्म है।
किस विधानसभा में कौन दावेदारी रखेगा, इस पर चर्चा शुरू हो गई है। जिला में तीन विधानसभा रियासी, गुलाबगढ़ व श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा है। इनमें से गुलाबगढ़ विधानसभा एसटी आरक्षित है। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा का गठन नया हुआ है। रियासी विधानसभा में से कटड़ा और भमाग को निकाल कर इसके साथ अरनास, ठाकराकोट, पनासा, सलाल, जुडडा, डुग्गा, धनौड, खनीकोट, बिडडा, धरान, ध्यानगढ़, चनकाह, थनपाल, गाढ़ी, गब्बर, सलाल कोट आदि नए ग्रामीण इलाकों को जोड़ा गया है। पहले यह क्षेत्र गूल अरनास विधानसभा में होते थे। गूल काे अब रामबन विधानसभा के साथ जोड़ा गया है। जिला की तीनों विधानसभाओं में लगभग दो लाख तीस हजार के करीब मतदाता हैं। इसमें गुलाबगढ़ में 90 हजार और रियासी में 85 हजार के करीब मतदाता हैं। कटड़ा विधानसभा में 55 हजार के करीब मतदाता हैं। जिला की तीनों विधानसभाओं में 25 सितंबर को मतदान होना है।