उधमपुर/पंचैरी। सडली गांव में बच्चे को शिकार बनाने वाले तेंदुए को पकड़ने में दूसरे दिन भी वन्य जीव विभाग को कामयाबी नहीं मिली। फिलहाल, डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
वीरवार शाम को तेंदुआ घर के बाहर खेल रहे सात वर्षीय बच्चे को उठा ले गया था। कुछ समय के बाद बच्चे का शव नाले के नजदीक बरामद हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने वन्य जीव विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग पिंजरे लेकर गांव पहुंचा। दिन भर के प्रयास के बाद शनिवार को भी विभाग के हाथ सफलता नहीं लगी है। हालांकि टीम अभी गांव में डेरा जमाए हुए है।
डीडीसी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। लेकिन, जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक सबको सावधान रहने की जरूरत है। कोई भी रात में अकेले घर से बाहर न निकले। बच्चों को अंधेरा होने पर घर से बाहर खेलने जाने न दिया जाए। ज्यादातर जंगली जानवर कुलटयाड, सुमन, चुलना, अपर मीर, लोअर मीर और सडल में देखे गए हैं।
------
बिजली पहुंचाने का प्रयास जारी
डीडीसी ने बताया कि सडल गांव में बिजली पहुंचाने के लिए प्रयास चल रहे हैं। सरकारी योजना के तहत एलटी लाइन बिछा दी गई है। लेकिन, घोटाला सामने आने के बाद काम बंद कर दिया गया है। इसकी जांच चल रही है। जिन इलाकों में बिजली की सुविधा नहीं है, वहां पर भी बिजली पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।