उधमपुर: कालरा कॉलेज में वर्ल्ड हेल्थ डे पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागी
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। कालरा कॉलेज ऑफ एजूकेशन में वीरवार को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस पर एक व्याख्यान समारोह का आयोजन हुआ। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य कोच विपुल चौहान ने विद्यार्थियों को अच्छी सेहत और स्वस्थ जिंदगी जीने के बारे में बताया।
कहा कि ‘पहला सुख निरोगी काया’ यानी स्वस्थ शरीर का होना व्यक्ति का सबसे बड़ा सुख है। क्योंकि, स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग वास करता है। स्वस्थ मस्तिष्क ही हमें संसार में प्रसिद्धि दिलाता है। उन्होंने कहा कि अच्छी सेहत के लिए जंक फूड नहीं खाना चाहिए। यह स्वास्थ्य संतुलन को बिगाड़ देता है, और पाचन तंत्र के खराब होने से कई किस्म की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि अपनी दिनचर्या में पौष्टिक आहार और कसरत जैसी अच्छी आदतों को अपनाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को प्रतिदिन के खानपान के बारे में भी बताया, जिससे लोग स्वस्थ और निरोगी जीवन जी पाएं। मौके पर छात्रों के अलावा प्रधानाचार्य तथा कॉलेज स्टाफ के सदस्य मौजूद थे।