क्षेत्र के मजदूरों ने मांगों के समर्थन में शनिवार को श्रम विभाग के खिलाफ रोष रैली निकाली। श्रमिकों ने तहसीलदार से मिलकर अपनी मांगों को भी रखा।
सीटू नेता एवं सदीनी के सरंपच ओमप्रकाश शर्मा के नेतृत्व मे निकाली गई रैली में क्षेत्र के श्रमिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग द्वारा मजदूरों के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इससे उन्हें परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
सीटू नेता ने कहा कि विभाग द्वारा मजदूरों के कार्ड तक नहीं बनाए जा रहे हैं। चिकित्सा सुविधा भी हम लोगों को नहीं मिल रही है। ऐसे में मुसीबतों के सिवाय कुछ नहीं है। रोष रैली निकालते हुए श्रमिक तहसीलदार के पास पहुंचे। यहां तहसीलदार से मिलकर उन्होंने अपनी समस्याओं और मांगों को रखा।
उन्होंने मांग की कि पौनी ब्लाक में रहने वाले मजदूरों की सुविधा के लिए यहां अलग से कार्यालय खोला जाए ताकि उनको अपने कामकाज के लिए रियासी के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
तहसीलदार बाबू राम चौधरी ने अश्वासन दिया कि समस्या को जल्द हल किया जाएगा। गौरतलब है कि इसके पहले भी मजदूर श्रम विभाग के खिलाफ रैली निकाल चुके हैं।