किश्तवाड़। मंत्री जावेद अहमद राणा ने रविवार को डीसी कार्यालय परिसर के सम्मेलन कक्ष में उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। कलमस्तार क्षेत्र को ईको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की बात कही गई। इसके लिए डीएफओ को परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा।
जल शक्ति क्षेत्र में पुरानी योजनाओं के उन्नयन और हर घर जल योजना के तहत तेजी लाने पर जोर दिया गया। बदहत-सरूर के लिए कंडनी नाला से लिफ्ट जलापूर्ति योजना की डीपीआर तैयार करने पर जोर दिया। समग्र शिक्षा के तहत 32 परियोजनाएं भूमि की उपलब्धता न होने के कारण लंबित हैं जिस पर मंत्री ने जल्द भूमि चिन्हित करने और मनरेगा के तहत समतलीकरण कराने को कहा।
नगर परिषद को खानवारी शालामार में कचरा डंपिंग साइट के निर्माण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को 35 दूरस्थ गांवों के विद्युतीकरण और आरडीएसएस योजना के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। पर्यावरण संरक्षण पर सख्त रुख अपनाते हुए चिनाब नदी में मलबा फेंकने पर रोक लगाने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा गुज्जर-बकरवाल छात्रावास के लिए भूमि चिन्हित करने के लिए कहा। बैठक में सांसद सज्जाद अहमद किचलू, विधायक शगुन परिहार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की वित्तीय प्रगति की जानकारी दी।